सूचना पर पहुंचे परिजनों ने लोहिया में जमकर किया हंगामा
क्षेत्राधिकारी ने पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर किया शांत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कैदी की हालत बिगडऩे पर जेल वार्डन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गयी। जिस पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने लोहिया अस्पताल में जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत किया।

जानकारी के अनुसार अशोक कुमार उम्र करीब 80 वर्ष पुत्र अमृतलाल मूल निवासी जनपद उन्नाव तथा हाल निवासी कानपुर नगर को हत्या के मामले में वर्ष 1970 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गयी थी। बीते करीब सात वर्ष पूर्व उन्हें केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ रेफर किया गया था। जहां पर वह आजीवन सजा काट रहे थे। शनिवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ गयी। जिस पर वार्डन बाबू शंकर व जितेंद्र कुमार उन्हें लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना जेल प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को दी गयी। सूचना मिलने पर लोहिया अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया और जेल प्रशासन पर कई गम्भीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि बीमार होने की सूचना जेल प्रशासन ने उन्हें नहीं दी। उनकी मृत्यु हो जाने पर उन्हें सूचना दी। हंगामे की खबर पर सीओ प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। तब कहीं जाकर परिजन शांत हुए।
