समृद्धि न्यूज। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती का पेपर आउट करवाने वाले गैंग के सात और सदस्यों को STF ने गिरफ्तार कर लिया। छह को मेरठ और एक को दिल्ली से दबोचा गया। दिल्ली से पकड़ा गया आरोपी वायुसेना का बर्खास्त एयरमैन है। STF की नोएडा यूनिट के ASP ब्रजेश कुमार सिंह की टीम ने मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित पठानपुरा निवासी दीपक उर्फ दीपू के घर से छह लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों में दीपू के अलावा सरधना के अलीपुर निवासी बिट्टू, कंकरखेड़ा के ताशी नंगला निवासी प्रवीण कुमार, टीपीनगर के गोलाबाद निवासी रोहित उर्फ ललित, कंकरखेड़ा के शोभापुर निवासी नवीन कुमार और साहिल शामिल हैं।
इन लोगों के पास से 18 फरवरी को आयोजित हुई द्वितीय पाली की परीक्षा का प्रश्नपत्र और आनर्स-की बरामद हुई है। ये एक अभ्यर्थी से पेपर उपलब्ध कराने के लिए 8 से 10 लाख रुपये लेते थे. पूछताछ में पता चला है कि दीपू, बिट्टू सिंह, प्रवेश प्रधान, आसिफ, मोनू व गुलजार भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक कराने ठेका लेते हैं. दीपू व उसके साथियों को भर्ती परीक्षाओं के पेपर व उत्तर कुंजी हरियाणा के रहने वाला व्यक्ति उपलब्ध कराता है.
