वन विभाग द्वारा भूमि की जुताई पर उग्र हुए छात्र, मुख्य मार्ग किया जाम

पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडर्न इंटर कॉलेज के पास पड़ी भूमि का मामला
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद में सोमवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडर्न इंटर कॉलेज के पास स्थित 18 बीघा भूमि पर वन विभाग की टीम ने पौधरोपण हेतु जुताई शुरू कराई। जुताई की सूचना मिलते ही कॉलेज के छात्र मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर चालक को रोककर खेत की जुताई का विरोध शुरू कर दिया।
करीब एक सैकड़ा छात्र शमशाबाद-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर उतर आए। जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सडक़ पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि वन विभाग पौधारोपण के नाम पर हर बार मनमानी करता है। कागजों में पौधरोपण दिखाकर बजट खर्च कर देता है और जमीनी जांच नहीं होती। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक मनोज गंगवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मॉडर्न इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामदास से बातचीत की और छात्रों को शांत कर करीब आधे घंटे बाद सडक़ खाली करवाकर उन्हें विद्यालय वापस भेजा। प्रधानाध्यापक मनोज गंगवार ने स्पष्ट किया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कुल 18 बीघा भूमि में से मात्र 6 बीघा पर नर्सरी तैयार की जाएगी। जबकि शेष 12 बीघा मैदान को छात्रों के खेलकूद के लिए समतल कर सुरक्षित रखा जाएगा। स्थिति सामान्य होने के बाद वन विभाग की टीम ने दोबारा जुताई शुरू कर दी। वन दरोगा राकेश तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और निर्देशानुसार भूमि पर पौध तैयार करने का कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *