राम-भरत का मिलाप देख दर्शक हुए भाव-विभोर

भगवान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा पांडाल फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। श्री रामलीला परिषद की ओर से फतेहगढ़ में आयोजित भरत मिलाप समारोह में भगवान श्रीराम एवं भरतजी के मिलन को देखकर दर्शक भाव विभोर हो गये और उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। चारों भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन को अयोध्या नगरी में एक साथ देखकर जन समुदाय ने राजा रामचंद्र जी के जयकारे लगाकर पुष्पवर्षा की। सेंट्रल बैंक तिराहे पर गुरुवार को आयोजित भरत मिलाप कार्यक्रम को देखने हेतु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। अयोध्यापुरी में भरत एवं शत्रुघन अपने बड़े भाई रामचंद्र एवं लक्ष्मण जी का वनवास के पश्चात आने का बेसब्री से इंतजार करते नजर आये। श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान एवं जानकी सीताजी के लंका विजय के पश्चात आगमन के स्वागत में अयोध्यापुरी (सेंट्रल बैंक तिराहे) को आकर्षक ढंग से सजाया गया। जैसे ही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का रथ, भ्राता लक्ष्मण एवं माता जानकी के साथ अयोध्यापुरी में प्रवेश हुआ, तो दर्शकों की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रीराम का स्वागत किया। राम-भरत मिलाप का दृश्य देख दर्शक भाव विभोर हो गये और जय श्रीराम का उद्घोष किया। भरत ने प्रभु राम को अयोध्या के राजा के रुप में राज सिंहासन पर विराजमान किया। जन समुदाय ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन, जानकी सीता एवं हनुमानजी की आरती तथा प्रसाद वितरण किया। संचालन दिनेशचंद्र दुबे ने किया। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष रवीश द्विवेदी, महामंत्री पंकज अग्रवाल, चमन टंडन., हाजी अल्लादीन, अतुल मिश्रा, अजीत मिश्रा, रवींद्र वैश्य, अभिषेक श्रीवास्तव, मोनू ठाकुर, रानू दीक्षित, पंकज प्रकाश, अमन गुप्ता, अंबरीश चौरसिया, आशीष मिश्रा, अनिल तिवारी, सोनू मिश्रा एवं दुर्गेश मिश्रा आदि मौजूद रहे। ————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *