बुुझ गया घर का अकेला चिराग, परिजनों में मचा कोहराम

ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ घायल, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम घायल हो गया। परिजन उसे लेकर आनन-फानन में सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोडक़र मौके से फरार हो गया। शमशाबाद थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के थाना मिर्जापुर निवासी अंकुश गुप्ता उमर ढाई वर्ष अपने ताऊ रविनेश तथा बाबा सुरेश गुप्ता तथा परिवार के अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए ढाईघाट शमशाबाद आया था। बताया गया है बाइक पुल के पास खड़ी थी। उसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली उधर से गुजरी।

जिसकी चपेट में आने से बालक अंकुश गुप्ता गम्भीर रुप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना से घबराया चालक ट्रैक्टर ट्राली छोडक़र मौके से फरार हो गया। भीड़ में लोगों ने दुर्घटना की सूचना शमशाबाद तथा मिर्जापुर थाना पुलिस को दी। चूंकि बॉर्डर क्षेत्र होने के नाते शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल बालक को उपचार के लिए मिर्जापुर भिजवा दिया। वहीं ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। बताया गया है मृतक अपने परिवार में इकलौता पुत्र था। मृतक के बाबा ने जानकारी में बताया दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर चलाक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी जाएगी। ट्रैक्टर चालक कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजुरिया से श्रद्धालुओं को लेकर गंगा स्नान के लिए ढाई घाट आ रहा था। ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से अबोध बालक की दर्दनाक की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *