फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शमसाबाद थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और हजारों की नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शमसाबाद कस्बे के मोहल्ला कोटला निवासी नाजिम पुत्र आबिद अली अपने परिवार सहित घर में सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर पीछे की दीवार के सहारे मकान में दाखिल हुए। उन्होंने घर के अंदर घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के मालिक नाजिम के मुताबिक चोरों ने बक्से और अलमारी की तिजोरी तोडक़र चांदी के दो जोड़ी तोड़े लगभग 250 ग्राम, सोने की दो जोड़ी झुमकी, सोने की दो जोड़ी कान की बाली और आवश्यक कार्य के लिए रखी 10,000 रुपये की नगदी चुरा ली। कस्बेवासियों का कहना है कि इस चोरी की घटना से पीडि़त गृहस्वामी को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पीडि़त गृह स्वामी द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ शमसाबाद थाना पुलिस को अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। शमसाबाद थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के लिए गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
चोरों ने मकान से नकदी व जेवर किये पार
