फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर की सातनपुर आलू मंडी में 50 किलो आलू की तौल पर 47 किलो के दाम किसानों को मिलने के मामले में किसानों के हंगामा करने पर नगर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गये। नगर मजिस्ट्रेट के सामने आढ़तियों, व्यापारियों व भाकियू की वार्ता करने का प्रयास हुआ, लेकिन नगर मजिस्ट्रेट के सामने ही जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद भी दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनी।
नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, सीओ सिटी एश्वर्या उपाध्यय ने समझाकर भाकियू व आढ़तियों आदि के मध्य वार्ता कर बीच का रास्ता निकालनें का प्रयास किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। आढ़ती सरकार की नियमावली के तहत आलू बिक्री करने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाये गये। नगर मजिस्ट्रेट के सामने ही जमकर हंगामा हुआ। फिर उसके बाद वार्ता में बात रखी गयी कि जूट के पैकेट में 50 किलो की तौल पर 2 किलो की कटौती की जायेगी। जबकि जाली के पैकेट में 1 किलो की कटौती की जायेगी। जिसमें पैकेट व्यापारी का होगा। किसान यूनियन ने वार्ता में हुए फैसले को लिखित में देने की बात कही। जिस पर समझौता पत्र तैयार किया गया, लेकिन व्यापारी और आढ़ती मौके पर ना होने से समझौता पत्र पर हस्ताक्षर नहीं हो सके। लिहाजा वार्ता असफल रही। इस मौके पर मंडी सचिव सूरज सहाय सक्सेना, किसान नेता अरविन्द शाक्य, लक्ष्मी शंकर जोशी, प्रभाकांत मिश्रा, राजीव चतुर्वेदी, अजय वर्मा आदि रहे। भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार नें बताया कि वार्ता में फिलहाल अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। वार्ता के दौरान दूसरा पक्ष मौके से चला गया था।