सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। मौरावां थाना क्षेत्र में मोटेश्वर मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने सामने से आ रहे ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन सहित फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार पुरवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तुसरौर निवासी मनीष (31) पुत्र मदन लाल जो ऑटो चालक का कार्य कर अपने परिवार के साथ जीवन यापन कर रहा था और वह छह बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर गहरा दुख छा गया है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पिता मदन लाल और मां मीना गहरे सदमे में हैं।
परिजनों के अनुसार, मनीष की शादी लगभग दो वर्ष पहले कानपुर के पनकी निवासी मनोरमा से हुई थी।, शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रह रही थी। मनीष अकेले रहकर काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति गंभीर संकट में आ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने और अज्ञात वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषी वाहन चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *