गीला कचरा एकत्रित कर सीएनजी बनाने की मशीन लगाने की मांग
डॉ0 जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को पट्टे पर दी गयी जमीन ली जायेगी वापस
क्रिश्चियन व रखा स्कूल आदि विभिन्न स्थानों पर खाली पड़ी जमीन पर दुकानें बनाकर समूह को की जायेगी आवंटित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिलाविकास समन्वय और निगरानी समिति दिशा की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डा0 सुरभी, प्रांशू दत्त द्विवेदी सदस्य विधान परिषद, नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद ने मॉर्थ को निर्देशित किया कि इटावा बरेली मार्ग पर नालों का लेवल ठीक किया जाए तथा टूटी रेलिंग ठीक करायी जाए। मनरेगा योजना के अन्तर्गत सभी विधायकों ने मनरेगा द्वारा 19 तालाबों के प्राक्कलन तैयार कर निकलवाकर खुदाई एवं गहरीकरण के कराये गये कार्यों की सूची उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत विधायक कायमगंज द्वारा पूछें जाने पर कि क्या समूह की ऑनलाइन बिक्री हो रही है के सम्बन्ध में उपायुक्त स्वत: रोजगार ने बताया कि जनपद के अनेक समूहों द्वारा ऑनलाइन बिक्री की जा रही है तथा सांसद ने सडक़ किनारे क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज, रखा स्कूल आदि विभिन्न स्थानों पर खाली पड़ी हुई जमीन पर दुकाने बनवाकर समूहों को आवंटित कर दी जाएं। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की सांसद ने जानकारी करने पर अधिशासी अभियन्ता द्वारा बताया गया कि प्रस्तावित 54 मार्गों के सापेक्ष केन्द्र सरकार द्वारा 07 मार्ग चयनित किये गये। विधायक कायमगंज ने पूॅछा कि कस्तूरबा गॉधी स्कूल रजलामई का हॉस्टल काफी समय से बन्द पड़ा है। जिसका संचालन नहीं हो रहा है। इसके अतिरिक्त स्कूल के ऊपर से निकली हाईटेन्शन की लाइन अभी तक सिफ्ट नहीं की गई है। विधायक भोजपुर ने पूॅछा कि जरारी, भड़ौसा में विद्युत चोरी की सघन जांच नहीं की गई। सांसद ने जिलाधिकारी से मेला रामनगरिया में फायर ब्रिगेड की गाड़ी प्रत्येक समय मौजूद रखने हेतु कहा। सांसद ने कहा गया कि सांसद खेलकूद स्पर्धा में सुनियोजित ढंग से क्रीड़ा अधिकारी द्वारा खिलाडिय़ों को बरगलाया गया कि सरकार द्वारा पांच से दस करोड़ रूपया आवंटित हुआ है, जिसको बांटा जाएगा जिस पर स्टेडियम के बच्चों द्वारा प्रांगण में बवाल किया गया। जिसकी जॉच तीन सदस्यीय समिति द्वारा करायी जाए। विधायक अमृतपुर ने कहा कि नवाबगंज में डॉ0 जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को पट्टे पर दी गयी जमीन का कार्यकाल समाप्त हो गया है, इसको वापस लेने की कार्यवाही की जाए। अध्यक्ष जिला पंचातय मोनिका यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत पखना सहित कई ग्रामों में विद्युतीकरण का कार्य अपूर्ण है, जिसको पूर्ण कराया जाए। प्रांशू दत्त द्विवेदी ने कहा कि शाम के समय गलियों में आवारा गौवंश घूमते रहते हैं जिनके रहने की उचित व्यवस्था की जाए। राष्ट्रीय कृषि विभाग योजना के अन्तर्गत उपकृषि निदेशक द्वारा बताया गया कि किसान कल्याण केन्द्र के रूप में विकसित किये जाने हेतु धनराशि प्राप्त हो गयी है। विकासखण्ड नवाबगंज एवं मोहम्मदाबाद में कार्य कराया जा रहा है जो प्रगति पर है। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के अन्तर्गत अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद द्वारा बताया गया कि ग्राम आमिलपुर स्थित डम्पिंग ग्राउन्ड पर कूड़े के निस्तारण हेतु मशीनरी अधिष्ठापन/प्लान्ट संचालन हेतु टेण्डर शीघ्र ही खोला जायेगा। सांसद ने कहा कि शासन को पत्र लिखें कि जनपद में कूड़ा का निस्तारण तो है कलेक्शन की व्यवस्था नहीं है। गीला कचरा एकत्रित कर सीएनजी बनाने की मशीन लगायी जाए। डीएम ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा दिये गये निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध करने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक एवं जिला स्तरीय समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति दिशा की ली बैठक
