नेशनल हाइवे को शीघ्रातिशीघ्र दुरूस्त करायें
ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवायें
ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठक बुलाकर सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करें
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सासंद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संसद-सदस्य सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त सूचना के अनुसार माह नवम्बर 2025 में जनपद में 44 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई हैं। जिनमें 27 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 34 व्यक्ति घायल हुये हैं। नवम्बर 2025 तक जनपद में 439 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 253 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 346 व्यक्ति घायल हुये हैं, इनमें से 287 सडक़ दुर्घटनाओं में शामिल कम से कम एक वाहन दो पहिया है, जिसमें दो पहिया सवार 163 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 201 व्यक्ति घायल हुये हैं। 75 सडक़ दुर्घटनाओं में शामिल दोनों वाहन दो पहिया थे, जिनमें 27 व्यक्तियों की मृत्यु हुई व 46 व्यक्ति घायल हुये। नवम्बर तक हिट एण्ड रन की 95 दुर्घटनायें घटित हुई है, जिनमें 79 व्यक्तियों की मृत्यु हुई हैं तथा 74 व्यक्ति घायल हुये हैं। वर्ष 2024 में हिट एण्ड रन की 66 दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 43 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी तथा 28 व्यक्ति घायल हुये थे।
जनपद में कुल 11 ब्लैक स्पॉट में से 08 राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर हैं। रोहिला चौराहा, बृहमहत्त स्मारक तथा मसेनी चौराहा का जंक्शन डेवलपमेन्ट का कार्य अभी तक नहीं कराया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी का निर्माण कार्य 23 नवम्बर 2024 तक पूर्ण होना था, परन्तु वर्ष 2025 की समािप्त तक अपूर्ण है। राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर सडक़ सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिक दुर्घटनाओं के दृष्टिगत सांसद ने एनएचएआई के अधिकारियो को निर्देशित किया कि वह नेशनल हाइवे को शीघ्रातिशीघ्र दुरूस्त करायें। शुकरूल्लापुर रेल ओवरब्रिज पर लगी लाइट को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिये। डीएम ने बताया कि जनपद में 19 दिसम्बर से 17 जनवरी 2026 तक नो हेल्मेट नो पेट्रोल की रणनीति लागू की गयी है। क्षेत्राधिकारी-यातायात एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ एआरटीओ जनपद के पेट्रोल पम्पों पर बिना हेल्मेट लगाये पेट्रोल लेने वाले दोपहिया वाहनों के विरूद्ध कठोर प्रवर्तन कार्यवाही करें। एआरटीओ ने बताया कि वर्ष 2025 में 265 ड्राइविंग लाइसेन्स निलम्बित किये गये हैं। सांसद ने ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के निर्देश भी दिये गये। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डा0 सुरभि, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, अधिशासी अभियन्ता प्रा0ख0, लो0नि0वि0 मुरलीधर, अधिशासी अभियन्ता नि0ख0 लो0नि0वि0 अशोक कुमार, सीएमओ डा0 अवनीन्द्र कुमार, बीएसए विश्वनाथ प्रताप सिंह, डीआईओएस नरेन्द्र पाल सिंह, डीएसओ सुरेन्द्र यादव, डीपीआरओ राजेश चौरसिया आदि उपस्थित रहे।
संसद-सदस्य सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
