उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने बीते 29 दिसंबर को आसीवन थाना क्षेत्र में हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने 48 घंटे के अंदर कर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की कार्यशैली की सराहना हुई। जिससे अपराधियों में भय और आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है।
ज्ञात हो कि आसीवन थाना क्षेत्र में घटना 29 दिसंबर को कुरसठ स्थित शराब की दुकान पर हुई थी, जहां कार्यरत सेल्समैन सुधीर प्रजापति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मृतक के पिता रामलखन प्रजापति की तहरीर पर आसीवन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं, जिसमें आसीवन थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को शामिल किया गया।
बीती शाम, ऑपरेशन ऑल आउट के तहत आसीवन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम बीजीमऊ–शरीफाबाद रोड स्थित पहाड़पुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद एहसान (23) और मोहम्मद सलमान (22) के रूप में हुई, जो कस्बा कुरसठ थाना आसीवन के निवासी हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 29 दिसंबर को आपसी विवाद के चलते उन्होंने सुधीर प्रजापति की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
घायल बदमाशों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस सफल अनावरण के लिए एसओजी टीम को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का 48 घंटे में किया खुलासा,एसओजी टीम को 50 हजार रुपये का नगद पुरस्कार
