आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया

 मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गुरुवार को आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। उन्होंने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
यह धरना जिला अध्यक्ष किरण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। दोपहर 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुईं। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांग शामिल थी। इसके अलावा महंगाई भत्ता, ग्रेच्युटी जैसी वित्तीय सुविधाओं और सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने की भी मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर पर ऑनलाइन कार्य के लिए 5जी मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने बीएलओ सहित अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्य थोपने पर रोक लगाने और एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया को बंद करने की भी अपील की। जिला अध्यक्ष किरण मिश्रा ने बताया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो मार्च में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में लखनऊ में एक बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *