
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता एवं मण्डल अध्यक्ष विकास पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओ ने नगर पालिका के अशफाकउल्ला खां वार्ड में प्रत्येक घर से पवित्र मिट्टी व अक्षत अमृत कलश में एकत्रित किया। इस दौरान भारत माता की जय व वंदेमातरम का उद्घोष करते हुए तिरंगा फहराया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से स्वाधीनता के समर में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले भारत माता के सभी वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि देने के लिए और उन्हें नमन करने के लिए देश के प्रत्येक गांव व प्रत्येक वार्ड से एकत्रित पवित्र मिट्टी व अक्षत से देश के वीर सपूतों के याद में दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष विकास पाण्डेय ने कहा कि मेरी माटी, मेरा देश अभियान की घोषणा पीएम नरेंद्र मोदी ने 30 जुलाई को मन की बात के 103वें एपिसोड में की थी। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का सम्मान करना है जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। यह अमृत वाटिका एक भारत श्रेष्ठ भारत का भव्य प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर सिद्धांत सिंह, अभिषेक बाथम, अमरदीप दीक्षित, आदेश गुप्ता, अभिषेक सक्सेना, रामकिशन सैनी, सुजाता सिंह, मदीना बेगम, शिवम मिश्रा, आलोक सक्सेना, रामकिशन दीक्षित आदि लोग उपस्थित रहे।
