
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बाइक की टक्कर से साइकिल सवार किशोरी की मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम त्योरी निवासी नंदनी 17 पुत्री सतीश चंद्र साइकिल से अपने खेत से 5 बजे शाम वापस लौट रही थी। उधर नवाबगंज की तरफ से गांव गणेशपुर थाना मेरापुर निवासी प्रशांत अपनी पत्नी शोभा को बाइक पर बैठालकर कस्बे से बाजार घर घर वापस लौट रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर नंदिनी की साइकिल से जा टकरायी। जिससे नंदनी गम्भीर रुप से घायल हो गयी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां प्रशांत की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि उसकी पत्नी शोभा बाल-बाल बच गयी। घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जबकि नंदिनी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। जानकारी पाकर थाना अध्यक्ष जेपी शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। नंदिनी कक्षा 10 की छात्रा थी। वह नवाबगंज स्थित वीआरएम इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। नंदिनी की मां मोहनी का रो-रो कर बुरा हाल है। नंदिनी 6 भाई बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहालअभी उसका शव नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही रखा हुआ है।
