डीएम ने पंचायत सहायकों के कसे पेंच, 114 निष्क्रीय, 66 ही कर रहे कार्य

पंचायत सहायक निष्क्रीय रहने पर पंचायत सचिव होगा जिम्मेदार, होगी पदच्यूत की कार्यवाही
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यू।
डिजिटल क्राप सर्वे (रवि) के अंतर्गत तीनों तहसील सदर, अमृतपुर एवं कायमगंज में सर्वेक्षण कार्य में लगे कार्मिक (पंचायत सहायकों) के कार्यों की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में की गयी। समीक्षा में पाया गया कि 207 पंचायत सहायकों द्वारा कार्य किया जाना है, परन्तु मात्र 66 पंचायत सहायकों द्वारा ही कार्य आरम्भ किया गया है। उनके द्वारा प्रतिदिन किये जाने वाले सर्वे कार्य (गाटा संख्या) की संख्या अत्यन्त ही न्यून है। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा रोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया गया कि कल से सभी कार्मिक प्रतिदिन कम से कम 200 गाटे के सर्वे का कार्य पूरा कर सायं 6 बजे तक अपने विकास खण्ड के खण्ड विकास अधिकारी के माध्यम से प्रेषित करेंगे। जिस पंचायत सहायक अधिकारी द्वारा कार्य नहीं किया जायेगा उसके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही में रुचि न लेने के आरोप में अनुशासनिक एवं विधिक कार्यवाही की जायेगी। सभी सचिवों के लिए भी निर्देशित किया गया कि वे भी अपने-अपने ब्लाक स्तर में आने वाली ग्राम पंचायतों में तैनात ऐसे पंचायत सहायकों की प्रतिदिन समीक्षा करके सुनिश्चित करायेंगे कि सभी पंचायत सहायक अपनी दैनिक लक्ष्य की पूर्ति करते हुए सर्वे का कार्य करायेंगे। यदि सचिवों द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया जायेगा और उसके ब्लाक स्तर के पंचायत कार्य नहीं करेंगे तो उनकी भी जिम्मेदारी तय की जायेगी, क्योंकि पंचायत सहायकों का मानदेय उन्हीं के द्वारा निर्गत किया जाता है। यदि सचिवों द्वारा पूरा प्रयास करने के उपरांत भी पंचायत सहायक कार्य नहीं करता है तो सचिव उस पंचायत सचिव के विरुद्ध पद से पदच्यूत करने की कार्यवाही करायेगा। विकास खण्ड स्तर पर सभी कार्यों का अनुश्रवण प्रतिदिन करके बीडीओ जिलाधिकारी को सूचित करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *