फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर पुलिस ने उ0प्र0 पुलिस भर्ती परीक्षा में संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बीते दो दिनों से जनपद में करीब 35 केंद्रों पर उ0प्र0 पुलिस भर्ती की परीक्षा चल रही है। रविवार को परीक्षा के दूसरे दिन फतेहगढ़ स्थित जिलाधिकारी के आवास के निकट एक महिला महाविद्यालय में परीक्षा दे रहे युवक को पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर पकड़ लिया। केंद्र व्यवस्थापक का कहना है कि युवक ने दो बार 10वीं की परीक्षा देकर आधारकार्ड में नाम और जन्मतिथि में बदलाव किया है। युवक ने फतहेगढ़ कोतवाली में पूछताछ के दौरान अपना नाम महमूद बताया। उसने बताया कि मैंने दोबारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट किया है। मार्कशीट में मेरा नाम महमूद आलम है। इसीलिए मेरा आधार कार्ड वेरीफाई नहीं हुआ है। हिरासत में लिया गया युवक महमूद पुत्र कुर्रार खान ग्राम अजीजलपुर थाना जहानगंज जनपद फर्रुखाबाद का निवासी है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा-420, 468, 471 आई.पी.सी. में मामला दर्ज कर लिया है।
