फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दुर्गा नारायण महाविद्यालय फतेहगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में सप्त दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर प्राचार्य डा0 मनोज गर्ग व मुख्य अतिथि प्राचार्या डा0 शशिकिरण सिंह, विशिष्ठ अतिथि डा0 सुंदर लाल ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किया। संचालन डा0 एचएसएन गुप्ता व कार्यक्रम प्रभारी डा0 प्रज्ञा ने किया। प्रथम सत्र में डा0 शशिकिरण सिंह ने महिला सशक्तिकरण विषय पर प्राचीन व वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। डा0 सुंदर लाल ने भारतीय संविधान में महिलाओं से संबंधित दिये गये अधिकारों एवं सरकार द्वारा चलाये जा रहे महिला सशक्तिकरण हेल्पलाइन नम्बरों के बारे में स्वयंसेवकों को विस्तार से समझाया। प्राचार्य डा0 मनोज गर्ग ने स्वयंसवेकों को महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित सरकारी योजनाओं से अवगत कराया। डा0 विनोद कुमार तिवारी ने वैदिक काल में महिलाओं की उदार स्थिति पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में नई शिक्षा नीति के प्रति स्वयंसेवकों को जागरुक किया गया। नई शिक्षा नीति पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें प्रथम स्थान पर प्रियांशी राजपूत, द्वितीय स्थान सुमित यादव, तृतीय स्थान पर साइन्द्री चौहान रही। चयनित बस्ती ग्वालटोली में नई शिक्षा नीति जागरुकता रैली निकाली गई। इस मौके पर आलोक बिहारी लाल शुक्ला ने एनएसएस कैम्प के बारे में छात्र-छात्राओं को जागरुक किया। छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए उत्साह दिखाया। एनएसएस के लक्ष्य गीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर महाविद्यालय के डा0 वीके तिवारी, डा0 सतेन्द्र मिश्रा, डा0 अजहर जुनैद आलम, डा0 वीरभान सिंह, डा0 पंचम कुमार, डा0 मोहम्मद अमीन, विनय कुमार बाथम, सरस पाठक, प्रियांशु सिन्हा के अलावा शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
