बसपा प्रत्याशी ने किया नामांकन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी क्रांति पाण्डेय ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि जनता ने यदि मुझे सेवा करने का मौका दिया तो सबसे पहले किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए काम करूंगा और साथ ही जिले का चौमुखी विकास कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता ही नहीं उनके पार्टी के कार्यकर्ता ही दुखी है। जब उनकी ही कोई बात सुनने वाला नहीं तो आम जनता की पीड़ा कौन सुनेगा। गंगापार क्षेत्र में सबसे बड़ी बाढ़ की समस्या है। पूरे वर्ष किसान मेहनत करता है और बाढ़ आने पर उसका सबकुछ तबाह हो जाता है। बाढ़ से गंगापार क्षेत्र के किसानों को कैसे बचाया जाये, सबसे पहले उस पर काम किया जायेगा। अभी तक किसी ने भी फर्रुखाबाद की मुख्य समस्या पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कई समस्यायें गिनाई और बोले कि मैं अगर सांसद बनता हूं तो इन सभी समस्याओं का निराकरण करवाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष वीर सिंह अम्बेडकर, कानपुर मण्डल कोआर्डिनेटर नगेन्द्र सिंह जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय भारती, अमित गौतम, विजय कटियार, रामरतन गौतम, रामसरन रमन आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनता ने दिया मौका तो बाढ़ की समस्या से किसानों को दिलाऊंगा निजात: क्रांति पाण्डेय
