मानक पूरे ना मिलने पर मेडिकल संचालकों को जारी किया नोटिस
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय द्वारा अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति के निर्देशानुसार मऊदरवाजा स्थित बाबा मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म संचालक द्वारा विक्रय अभिलेख जारी नहीं किया जा रहा था एवं साफ -सफाई की व्यवस्था उचित नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान से 2 संदिग्ध औषधीय के नमूने भरकर व 20 प्रकार की दवाइयां के क्रय-विक्रय अभिलेख मांगे गए हैं। इसके बाद बालाजी चिकित्सालय बीबीगंज के अंदर संचालित मेडिकल प्रतिष्ठान का औषधि निरीक्षक ने निरीक्षण किया। जहां पर फार्मासिस्ट कार्यरत नहीं पाया गया एवं मरीज के परिजनों को औषधीय के विक्रय हेतु विक्रय अभिलेख जारी नहीं किया जा रहा था। दोनों ही फर्म संचालकों को चेतावनी देते हुए बिक्री अभिलेख आवश्यक रूप से जारी करने के निर्देश दिए गए एवं कमियों के निराकरण हेतु कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया। भरे गए दो संदिग्ध औषधीय को जांच एवं विश्लेषण हेतु राजकीय प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश लखनऊ भेजा गया। निरीक्षण में संकलित नमूने का रिजल्ट प्राप्त होने के उपरांत आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही औषधि निरीक्षक द्वारा यह अपील की गयी कि सभी मेडिकल संचालक मरीज एवं उनके परिजनों द्वारा क्रय की गई औषधीय का बीजक आवश्यक रूप से दें। विक्रय अभिलेख जारी न करना औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के नियमों का उल्लंघन है। जिसके अंतर्गत लाइसेंस का निरस्तीकरण भी किया जा सकता है।
ड्रग इंस्पेक्टर ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर दवाइयां के भरे सैंपल
