फाइलेरिया उन्मूलन जागरुकता के तहत बच्चों को किया गया जागरुक

घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मी खिलायेगें फाइलेरिया की दवा
जिले में 1013 फाइलेरिया रोगी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद सहित प्रदेश के 27 जिलों में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम 10 अगस्त से 28 अगस्त के बीच चलाया जायेगा। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया रोग के बारे में जागरूक करेंगे साथ ही अपने सामने दवा खिलाएंगे और किसी भी स्थिति में दवा का वितरण नहीं किया जाएगा। यह दवा आपको फाइलेरिया रोग से सुरक्षित रखेगी। सीएमओ ने कहा कि जनपद में लोगों को फाइलेरिया से सुरक्षित रखने के लिए डीईसी और अल्बेंडालोल की निर्धारित खुराक मानकों का पालन करते हुए खिलाई जाएगी। साथ ही विद्यालयों में फाइलेरिया उन्मूलन जागरुकता की शपथ दिलायी गई। अभियान की सफलता के लिए पीसीआई संस्था की तरफ़ से मगंलवार को प्राथमिक विद्यालयों में फाइलेरिया अभियान के दौरान खिलाई जाने वाली दवा के बारे में जागरूक किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय, समविलियन प्राथमिक विद्यालय लिंजीगंज और प्राथमिक विद्यालय अंगूरी बाग में बच्चों को फाइलेरिया रोग के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि आप सभी को यह दवा खानी है साथ ही अपने माता पिता और पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी खिलानी है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आरसी माथुर ने बताया हाईड्रोसील हो जाना, हाथी पांव हो जाना, महिलाओं के स्तन में सूजन आ जाना यह सब फाईलेरिया रोग के लक्षण हैं। फाईलेरिया रोग मच्छरों द्वारा फैलता है। खासकर क्यूलैक्स मादा मच्छर के जरिए। जब यह मच्छर किसी फाइलेरिया रोग से ग्रसित व्यक्ति को काटता है तो वह संक्रमित हो जाता है फिर यह मच्छर रात के समय किसी स्वस्थ्य व्यक्ति को काट लेता है तो फाइलेरिया रोग के परजीवी रक्त के जरिए उसके शरीर में प्रवेश कर उसे भी फाइलेरिया रोग से ग्रसित कर देते हैं। जनपद में फाइलेरिया के अब तक १०१३ रोगी है। इस दौरान प्रधानाचार्य सुशील मिश्र, दीप्ति त्रिवेदी, मंजरी शाक्य, पीसीआई से अनुपम मिश्र आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *