डकैती डालकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकडक़र पुलिस को सौंपा, मुठभेड़ में घायल

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में महिला और उसके बच्चों को अकेला पाकर बेखौफ बदमाश महिला के घर में घुस गए। परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गए। लूटपाट के बाद भाग रहे दो बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए बदमाशों को पुलिस जब माल बरामद करने के लिए लेकर जा रही थी, उन्होंने भागने का प्रयास किया। इसके चलते हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में नवागत एसपी दीपक भूकर ने बांगरमऊ थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बांगरमऊ नगर निवासी प्रियांशु गुप्ता पंचूपुरवा गांव में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार देर शाम उनकी पत्नी और दो बच्चे घर में अकेले थे। तभी नकाबपोश बदमाश महिला के घर में घुस गए और उनको बंधक बना लिया। तमंचे की नोक पर घर में रखी नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़ पड़े और भाग रहे दो बदमाशों को पकड़ लिया। उन्होंने बदमाशों को पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि 6 से 7 की संख्या में बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की थी। पकड़े गए दोनों बदमाशों के नाम अंशू और अभिषेक है। माल बरामद करने के लिए पुलिस जब इन्हें लेकर मौके पर जा रही थी, तभी रास्ते में इन दोनों बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों ही बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा दी गई बाइट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *