दिल्ली में कार सवार ने पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, घसीटा 30 से 35 मीटर तक

नई दिल्लीः साउथ दिल्ली के नेब सराय इलाके से बेहद खतरनाक वीडियो सामने आया है. इसमें दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी को एक कार सवार अपने बोनट पर लटकाए हुए इधर से उधर घसीट रहा है. कुछ देर के बाद दोनों पुलिसकर्मी नीचे गिर जाते हैं. घटना शनिवार 2 नवंबर की शाम की है. ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बताया कि उसने कार रोकने के लिए कहा था, लेकिन कार सवार ने गाड़ी नहीं रोकी और बोनट पर लटकाकर घसीटा. दक्षिण पश्चिमी जिले के किशनगढ़ क्षेत्र में कार सवार ने दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। उसके बाद बोनट पर लटके एक पुलिसकर्मी को करीब 30 से 35 मीटर तक घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किशनगढ़ थाना पुलिस ने घायल यातायात पुलिसकर्मियों के इलाज के बाद लिए गए बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कार की पहचान कर ली गई है। कार नांगल देवत, वसंत कुंज निवासी जय भगवान के नाम पर रजिस्टर्ड है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात की है। इस वारदात की एक वीडियो भी सामने आई है जिसमें आरोपी दो यातायात पुलिसकर्मियों को बोनट पर टांग कर कार को दौड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात किशनगढ़ पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर ने पुलिस को बताया कि बेर सराय लाल बत्ती के पास एक गाड़ी यातायात पुलिस के अधिकारी को टक्कर मारकर भाग गई है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि वारदात में दो यातायात पुलिसकर्मी एएसआई प्रमोद सिंह और हवलदार शैलेश चौहान घायल हुए हैं। उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। वहां पर दोनों पुलिसकर्मियों का बयान लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *