दो दिन पूर्व भी एक युवक के साथ मारपीट कर 37 हजार रुपये की हुई थी लूट
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा स्नान करने आये कार सवार लोगों पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला बोलकर मारपीट कर नगदी व सोने की चेन आदि सामान लूट लिया और गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। पीडि़त ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार दीपक पुत्र रामसिंह निवासी ग्राम मोती नगला पैलानी उत्तर थाना कलान जनपद शाहजहांपुर ने शमशाबाद पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें दर्शाया कि 15 नवम्बर को करीब समय सुबह 10 बजे अपने रिश्तेदार ड्राइवर जयवीर पुत्र खूब सिंह निवासी हुस थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर की ओमनी गाड़ी संख्या यूपी 27एई/1739 के साथ पूर्णिमा पर्व पर गंगा स्नान करने तीन महिलाओं सहित आये थे। हम लोग ढाई घाट शमशाबाद से स्नान करके वापस गाड़ी से जाने लगे, तभी बारामासी बाबा आश्रम के पास १५ लोग लाठी-डंडे लिये थे, जिन्होंने मेरी गाड़ी रोंक ली। सभी ने मिलकर ड्राइवर के साथ मारपीट शुरु कर दी। मोबाइल व 10300 रुपये व दुकान व घर की चाबी जबरियन जेब से निकाल ली। हम बचाने गये तो आरोपियों ने मुझे भी मारा और गले से सोने की चेन तोड़ ली। गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की। कुछ लोगों को मैने पहचान लिया। जिसमें एक व्यक्ति उमेश पुत्र नरेन्द्र व उसका पिता, हरीराम पुत्र नामालूम, विपिन, सर्वेश पुत्र नामालूम निवासी मंझा शरीफपुर थाना शमशाबाद व अन्य लोगों को सामने आने पर पहचान लूंगा। पीडि़त ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की मांग की। वहीं एक अन्य घटना घटित हुई। जिसमें दबंगों ने युवक से हजारों रुपये मारपीट कर लूट लिये थे। ग्राम कलुआपुर सानी थाना शमशाबाद निवासी रश्मी राठौर पत्नी मिथलेश ने पुलिस को दी तहरीर में दर्शाया कि १३ नवम्बर को समय शाम के ४:३० पर मेरे पति विमलेश पुत्र लालू अपने घर से फैजबाग जा रहे थे, तभी उलियापुर निवासी नरेन्द्र व उनके चार अज्ञात साथियों ने पति की बाइक रोक ली और कहा कि शराब पीने के लिए पैसे दो, जब मेरे पति ने मना किया तो सभी ने मिलकर मारपीट की और बेहोशी की हालत में उलियापुर के निकट सरकारी नाले में फेंक कर चले गये। इसकी जानकारी जब मेरे देवर को हुई तो परिजनों व पलिस को सूचना दी। १०८ एंबुलेंस से सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर लोहिया रेफर कर दिया गया। जहां इलाज चल रहा है। होश आने पर उन्होंने बताया कि ३७ हजार रुपये हमलावरों ने लूट लिये। दोनों घटनाओं में पुलिस ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की।
गंगा स्नान करने आये कार सवार लोगों पर दबंगों ने बोला हमला, लूटी नगदी व सोने की चेन
