केजरीवाल पर हमला हुआ या उनकी गाड़ी ने टक्कर मारी? आमने-सामने AAP और BJP

आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया कि शनिवार को चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  की कार पर हमला किया गया। AAP ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें कथित तौर पर अरविंद केजरीवाल की कार पर पत्थर फेंका जाता हुआ दिखाई दे रहा है। AAP ने हमले के पीछे भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया और दावा किया कि केजरीवाल पर नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के लोगों ने हमला किया, जो उस समय प्रचार कर रहे थे।

आप ने एक्स पर लिखा, “हार के डर से भाजपा घबरा गई और उसने अपने गुंडों से अरविंद केजरीवाल पर हमला करवा दिया। जब भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा प्रचार कर रहे थे, तब भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा के गुंडों ने अरविंद केजरीवाल पर ईंटों और पत्थरों से हमला किया और उन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की ताकि वह प्रचार न कर सकें। भाजपा वालों, केजरीवाल जी आपके कायरतापूर्ण हमले से डरने वाले नहीं हैं, दिल्ली की जनता आपको करारा जवाब देगी।” बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव  5 फरवरी को एक ही चरण में होने जा रहे हैं, जबकि मतगणना 8 फरवरी को होगी।

बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर लगाए गंभीर आरोप

वहीं दूसरी तरफ बीजेपी प्रत्याशी  प्रवेश वर्मा ने X पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी  कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंका गया है। मेरे समर्थकों को गाड़ी से कुचलने की कोशिश हुई है। उन्होंने लिखा- ‘अरविंद केजरीवाल ने अपनी गाड़ी से 2 युवाओं को टक्कर मारी। दोनों को लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल लेकर गए हैं। हार सामने देखकर लोगों की जान की कीमत ही भूल गए। मैं हॉस्पिटल जा रहा हूं।’

‘गाड़ी में बैठे हुए थे केजरीवाल’

प्रवेश वर्मा ने बताया कि जिन युवाओं को चोट लगी है, वो दिल्ली के वोटर हैं। आरोप है कि ‘तीन स्थानीय युवा विशाल, अभिषेक और रोहित अरविंद केजरीवाल से मिलने की कोशिश कर रहे थे। पहले उनके साथ पुलिसकर्मियों ने मार पिटाई की इसके बाद गाड़ी से टक्कर मार दी। तीनों युवाओं को अरविंद केजरीवाल की खुद की गाड़ी ने टक्कर मारी है, जिसमें वह बैठे हुए थे।’

 ‘केजरीवाल ने किया इशारा’

प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि ‘पहले ड्राइवर ने एक बार ब्रेक मार दिया था, लेकिन फिर अरविंद केजरीवाल ने इशारा किया कि गाड़ी ऊपर चढ़ा दो। केजरीवाल के इशारे करने के बाद तीनों के ऊपर उसके ड्राइवर ने गाड़ी चढ़ाई। तीनों की टांगों और घुटने में चोट आई है।’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *