नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। दबंगों ने अधिकारियों से सांठगांठ कर पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूमि पर कब्जा कर लिया। जबकि भूमि का न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। पीडि़त ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव भटकुररी निवासी नीरज पुत्र रमेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में दर्शाया कि उन्होंने 2010 में नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी वीरेंद्र सिंह कठेरिया से 5 बीघा भूमि का बैनामा कराया था। जिस पर लगातार अपना कब्जा जमाए हुए था। सिरौली नवाबगंज की निवासी गिरीशवती व उसके परिजनों ने लेखपाल व कानून-गो से सांठगांठ कर खेत के नम्बर को मेल जोल करवा लिया। जिसका न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। न्यायालय में एल कमीशन की रिपोर्ट भी प्रस्तुत हो चुकी है। पीडि़त का आरोप है कि दबंगों ने राजस्व कर्मियों से सांठगांठ कर पुलिस की मौजूदगी में जमीन पर कब्जा जमा लिया। दबंगों ने न्यायालय को दरकिनार करते हुए खेत में भरी निहास को भी जेसीबी से खुदवा डाला और खेत में खड़ी आलू की फसल तथा गेहूं, सरसों को भी फसल को जुतवा डाला। जब मैंने घटना का वीडियो बनाना शुरु किया तो हल्का इंचार्ज ने मेरा मोबाइल छीन लिया और वीडियो बनाने नहीं दिया। खबर लिखे जाने तक थानाध्यक्ष से मिलने के लिए दंपति थाने में बैठे हुए थे। बताया गया कि थानाध्यक्ष क्षेत्र में भ्रमण पर गये है।
दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूमि पर किया कब्जा, फसल की नष्ट
