एन0सी0डी0 की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग हेतु डीएम ने ली बैठक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गैर संचारी रोगों (एन0सी0डी0) की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग हेतु २० फरवरी से 31 मार्च तक संचालित विशेष अभियान के सम्बन्ध में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में अभियान को सफल बनाने हेतु बैठक सम्पन्न हुई।
गैर संचारी रोगों (एन0सी0डी0) (उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन कैंसर, बच्चेदानी के मुंह का कैंसर एवं मुख कैंसर) की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कार्यरत 1524 आशाओं द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में ई-कवच एप्लीकेशन के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक उम्र के जनमानस का सी-बैक (कम्युनिटी बेस्ड एसेसमेन्ट चेकलिस्ट) पंजीकरण किया जा रहा है। इसके उपरान्त जनपद में कार्यरत समस्त कम्युनिटी हेल्थ आफीसर (157) और ए0एन0एम0 (279) द्वारा गैर संचारी रोगों (एन0सी0डी0) (उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन कैंसर, बच्चेदानी के मुंह का कैंसर एवं मुख कैंसर) की स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग उपरान्त सकारात्मक लक्षण वाले मरीजों का चिकित्सक द्वारा उपचार किया जा रहा है। वर्तमान समय में आशाओं द्वारा पंजीकृत 761584 के सापेक्ष कुल 503532 व्यक्तियों का सी-बैक फार्म (कम्युनिटी बेस्ड एसेसमेन्ट चेकलिस्ट) पंजीकृत किया जा चुका है। इसी प्रकार कम्युनिटी हेल्थ आफीसर और ए0एन0एम0 द्वारा कुल 179275 मरीजों की गैर संचारी रोग की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, मण्डल स्तर पर जनपद की रैंक 02 और राज्य स्तर पर रैंक 22वीं है। डीएम ने अभियान को सफल बनाने हेतु समस्त अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया, कि उक्त अभियान में राज्य स्तर से प्राप्त दैनिक लक्ष्य के अनुसार सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य कराते हुये प्रगति में शत-प्रतिशत सुधार कराना सुनिश्चित करें। जिससे जनपद की रैंक सर्वोच्च स्थान पर रहें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अवनीन्द्र कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *