वाराणसी: वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे और आगामी 2 अगस्त को प्रधानमंत्री के वाराणसी प्रस्तावित दौरे के लिए अब तक किए गए तैयारियों के संबंध में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक कर विचार विमर्श किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के साथ ही अन्य संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण किए जाने हेतु निर्देशित किया। सेवापुरी के बनौली में प्रधानमंत्री की आयोजित होने वाली जनसभा स्थल पर आने वाले लोगों के लिए सभी बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराए जाने पर भी विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के आगामी प्रस्तावित वाराणसी दौरे के दौरान महानगर में लगातार स्वच्छता अभियान चलाते रहें। साथ ही वार्डवार समितियों का गठन करके भी लगातार अभियान चलाये। शहर में कहीं भी जलभराव की समस्या नहीं होने पाए, इसको नगर निगम लगातार सुनिश्चित करे। पुलिस प्रशासन प्रधानमंत्री के आगमन रूट पर जाम की स्थिति न होने पाए इसको सुनिश्चित करेगा। पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगातार कार्य करें। सभा स्थल पर पेयजल, टॉयलेट की उचित सुविधा सुनिश्चित हो सके। लोकार्पण तथा शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री ने निर्देशित करते हुए कहा कि माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटें, लगातार ऐसे लोगों पर नजर रखते हुए उनको चिन्हित किया जाए। सभास्थल पर बरसात के दृष्टिगत सभी तैयारियां की जाएं। मुख्यमंत्री ने वरुणा नदी में भी साफ सफाई अभियान चलाने को निर्देशित किया। सभा स्थल के आसपास कहीं भी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं होने पाए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में प्रधानमंत्री का वाराणसी आगमन हो रहा है, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि कार्यक्रम को व्यवस्थित तथा सफल तरीके से आयोजित कराएं।
समीक्षा बैठक की शुरुआत में मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रधानमंत्री के आगामी प्रस्तावित वाराणसी दौरे के दौरान की गयी प्रशासनिक तैयारियों, लोकार्पण/ शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की पूरी जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गयी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा पुलिस प्रशासन के तरफ से की गयी सभी तैयारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिसमें उन्होंने कानून व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, जनसभा स्थल, सेफ हाउस की भी जानकारी दिया। बैठक के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र दयालु, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ0 अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ0 सुनील पटेल, विधायक डॉ0 नीलकंठ तिवारी, एडीजी जोन पियूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, एसीपी शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत् दर्शन पूजन किया।
