फर्रुकाबाद, समृद्धि न्यूज। विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा में म्यांमार व थाईलैंड देश के बौद्ध अनुयायी पहुंचे। अनुयाइयों ने बौद्ध बिहारों के दर्शन कर पूजा अर्चना की।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को म्यांमार व थाईलैंड देश के करीब दो दर्जन से अधिक अनुयाई बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा पहुंचे। अनुयाइयों ने बौद्ध विहारों के दर्शन किए और अपनी भाषा में बौद्ध वंदना की। इसके बाद स्तूप की परिक्रमा की। संकिसा को भगवान बुद्ध के स्वर्ग से अवतरण का पवित्र स्थल माना जाता है। इस आध्यात्मिक स्थल पर कंबोडियाई, म्यांमार और लंका बौद्ध विहार भी स्थित हैं। विदेशी पर्यटकों के साथ आए गाइड शैलेंद्र सिंह ने बताया कि थाईलैंड से आया 28 सदस्यीय बौद्ध धर्मावलंबियों का समूह 6 दिवसीय भारत दौरे पर है। ये श्रद्धालु लखनऊ से संकिसा पहुँचे हैं और यहाँ दर्शन के बाद श्रावस्ती के लिए रवाना होंगे। वहीं म्यांमार के श्रद्धालुओं ने बौद्ध स्तूप पर जाकर विशेष पूजा अर्चना की और धम्म पद का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने संकिसा के आसपास के गाँवों से आए लोगों द्वारा दिए गए प्रसाद को ग्रहण किया।
म्यांमार व थाईलैंड के बौद्ध अनुयायी पहुंचे संकिसा, की पूजा अर्चना
