चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह लाइनहाजिर

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कस्बा चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह को लाइनहाजिर कर दिया है। बताते चलें कि सीओ, कोतवाली प्रभारी व कस्बा चौकी प्रभारी ने कोतवाली अलीगंज के ग्राम परसोली निवासी धर्मपाल के घर पर 8 सितंबर की रात 9 बजे छापा मारा था। पुलिस परिवार के दो लोगों को जबरन कोतवाली ले आयी थी। बताया गया है कि धर्मपाल के परिजनों पर कोतवाली कायमगंज की नई कालोनी दत्तू नगला निवासी मनोज यादव की पीट-पीटकर हत्या किये जाने का आरोप था। पीडि़त परिवार की प्रीती यादव ने उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण की याचिका दायर कर अवगत कराया कि याचिका दायर किये जाने के बाद उसके परिजनों को 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे छोड़ा गया। पुलिस ने दबाव डालकर लिखवाया था कि उन्होंने कोई याचिका दायर नहीं की। याचिका की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जे.जे.मुनीर और संजीव कुमार की खंड पीठ ने पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़, सीओ कायमगंज और कायमगंज कोतवाली प्रभारी को 24 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे व्यक्तिगत रुप से अदालत में हाजिर होने का आदेश जारी किया है। इस आदेश की जानकारी होने पर आला अधिकारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। जिसकी गाज चौकी इंचार्ज पर गिर गयी है। वहीं याचिका की सुनवाई के दौरान भी बड़ी कार्यवाही की आशंका व्यक्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *