टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में हस्ताक्षर अभियान राजेपुर के बीआरसी केंद्र पर चलाया गया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भूपेश प्रकाश पाठक के नेतृत्व में ब्लाक संसाधन केंद्र राजेपुर में शिक्षकों ने एकत्र होकर हाथों में काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और हस्ताक्षर अभियान चलाकर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में प्रदर्शन किया और मांग की कि शीघ्र ही इस आदेश को वापस लिया जाये। अन्यथा शिक्षक लामबंद होकर दिल्ली कूंच करेंगें।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि दशकों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टेट अनिवार्य करना किसी भी तरह से न्याय संगत नहीं है। 1 सितंबर 25 का निर्णय सभी बेसिक शिक्षको के अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह लगाना है, जबकि वह सभी शिक्षक पूर्व से सभी सेवा शर्तों को पूर्ण कर, मेहनत एवं लगन से विद्यालयों में शिक्षण कार्य करते आ रहे हैं। जिससे लाखों शिक्षकों की आजीविका पर संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है। प्रमोद यादव ने कहा कि यह प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध है। सतीश कटियार ने भी इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। पूनम चौहान ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों को अपमानित करने वाला है, इसका हम सब लोग विरोध करते हैं। धीरेन्द्र यादव ने कहा कि कोर्ट को पुनर्विचार करते हुए शिक्षकों के हित में फैसला लेना चाहिए। सभी लोगों ने एकमत में कहा कि इस काले कानून का हम सडक़ से संसद तक विरोध करेंगे और कहा गया कि सरकार इस निर्णय को तत्काल कोर्ट के द्वारा वापस ले अन्यथा संसद सत्र बुलाकर इस कानून को निरस्त करें। जिससे लाखों शिक्षकों की आजीविका का खतरा टला सके। जिससे देश के लाखों शिक्षक मन लगाकर विद्यालय में अध्ययन कार्य कर सकें। इस मौके पर शिक्षक शिखा, नीतू रानी, अनुराधा बाथम, प्रतिमा प्रभाकर, दीपशिखा, आरती सिंह, रुची शुक्ला, सुमनलता, आलोक सिंह, विनीता अवस्थी, अंचल राजपूत, उपासना दीक्षित, प्रतिमा सिंह, अर्चना मिश्रा, संगीता गुप्ता, सावित्री स्वरुप, मधु चौहान, अनुराग कटियार, विजेन्द्र कुमार आदि शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *