दीये-मोमबत्ती पर पैसे बर्बाद क्यों, क्रिसमस से सीखो: अखिलेश यादव

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। अयोध्या में दिवाली के अवसर पर मनाए जाने वाले दीपोत्सव को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। दीपावली से ठीक पहले बिजली कटौती को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह निकम्मी साबित हुई है। जनता को अब इससे किसी भी तरह की सुविधा की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए। अखिलेश ने क्रिसमस का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे दुनिया भर में उस दौरान शहर रोशनी से जगमगाते हैं, वैसे ही उत्तर प्रदेश को भी होना चाहिए। इस सरकार से ऐसी उम्मीद करना व्यर्थ है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कोई सुझाव नहीं देना चाहता, लेकिन भगवान राम के नाम पर एक सुझाव दूंगा। पूरी दुनिया में क्रिसमस के दौरान सभी शहर रोशन हो जाते हैं और यह महीनों तक चलता है। हमें उनसे सीखना चाहिए, हमें दीयों और मोमबत्तियों पर पैसा क्यों खर्च करना है और इसके लिए इतना सोचना क्यों है। अखिलेश ने दिवाली पर बिजली कटौती के सवाल पर कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार चुनावी दौरे को लेकर निशाना साधते हुए शनिवार को उन्हें स्टार विभाजक करार दिया। यहां सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि बिहार में स्टार प्रचारक बनकर नहीं गए, स्टार विभाजक बनकर गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग सीएम योगी को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। बिहार के लोग सांप्रदायिक विचारधारा वाले लोगों को कभी स्वीकार नहीं करते। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के शहरों में बिजली व्यवस्था, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया, फुस्स फुलझड़ी से दीपावली पर क्या उम्मीद करोगे, जब बिजली ही नहीं बनाई तो दोगे कहां से, जो बिजली बनी है वह समाजवादियों की बनाई हुई है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि लखनऊ में हर जगह कूड़ा फैला हुआ है। यह स्मार्ट सिटी है, जिसे बनाने में करोड़ों रुपए खर्च किए गए, लेकिन सरकार यातायात व्यवस्था तक नहीं संभाल पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *