गैस सिलेंडर से लदा ट्रक पलटा, चिंगारी पड़ती तो हो सकता था बड़ा हादसा

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बांगरमऊ–बिल्हौर मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब गैस सिलेंडर से लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि कोई चिंगारी नहीं निकली, जिससे क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी आलोक कुमार पनकी स्थित गैस प्लांट का ट्रक लेकर हरदोई के संडीला की ओर निकला था। तेज रफ्तार और नशे में धुत चालक ट्रक को बेकाबू चला रहा था। सुबह जब ट्रक बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भुड्डा चौराहा के पास पहुंचा तो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन खंती में पलट गया। ट्रक में लदे 354 रसोई गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों की सांसें थम गईं—अगर आग की एक चिंगारी भी लग जाती, तो आसपास का इलाका राख में बदल जाता।

जिसकी सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित एक जगह रखवाया गया। गैस प्लांट प्रबंधन को दूसरे ट्रक की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि चालक नशे की हालत में है और फिलहाल हिरासत में लिया गया है। प्लांट प्रशासन को दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *