तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर अधिवक्ता आंदोलित

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। तहसील में बढ़ते भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी और अधिकारियों की मनमानी के विरोध में क्षुब्ध रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ता आंदोलित हो गए हैं। अधिवक्ताओं ने सोमवार को तहसील में व्याप्त अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और न्यायालयों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
एसडीएम अतुल सिंह द्वारा ज्ञापन न लेने और वहां से चले जाने पर अधिवक्ता आक्रोशित हो गये। उन्होंने घोषणा की कि वे इस संबंध में जिलाधिकारी से मिलेंगे और शासन को भी अवगत कराएंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि तहसील में कथित दलालों को संरक्षण देकर राजस्व मामलों में अवैध वसूली की जा रही है। अधिवक्ताओं के अनुसार न्यायालय में केस लिस्ट जानबूझकर नहीं बनवाई जा रही है। बहस पूरी होने के बावजूद नियत तिथि पर आदेश जारी नहीं होते। केवल चिह्नित पत्रावलियों को ही सुनवाई में लिया जाता है। जिससे अन्य मामले अनिश्चितकाल तक लंबित रहते हैं। पुरानी पत्रावलियों को न्यायालय में प्रस्तुत न करना और पोर्टल पर प्रविष्टि न करना भी एक बड़ी समस्या है। अधिवक्ताओं ने खतौनी में दर्ज पूर्व आदेशों का लागू न होने, 40 वर्षों से असंक्रमणीय भूमिधर दर्ज किसानों को संक्रमणीय भूमिधर न बनाने और मृतक खातेदारों की वरासत दर्ज न करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। इसके अतिरिक्तए धारा 24 -मेडबंदी वाले मामलों में राजस्व संहिता के विपरीत कार्रवाई की जा रही है और निरीक्षकों द्वारा समय पर आख्या नहीं भेजी जाती। उन्होंने यह भी बताया कि भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किए गए लेखपालों और कानूनगो को पुन: उसी क्षेत्र में तैनात कर दिया जाता है। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जब तक शासन स्तर से इन समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। आवश्यकता पडऩे पर अधिवक्ता धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जाएंगे। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष विश्वेश्वर दयाल यादव, सचिव अवनीश गंगवार, अनोखे लाल शाक्य, फहीम खाँ और रामदास वर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *