नवागंतुक एएसपी ने कमालगंज व जहानगंज थानों सुनीं समस्यायें

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वितीय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई को औपचारिकता न मानकर पीडि़तों को न्याय दिलाने का माध्यम बनाने पर जोर दिया। वहीं मऊदरवाजा थाने में थानाध्यक्ष ने समस्यायें सुनीं।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वितीय ने स्वयं थाना जहानगंज और थाना कमालगंज में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि इससे लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहेगा। वहीं थाना मऊदरवाजा में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने जनसुनवाई की। यहां तीन शिकायत पत्र प्राप्त हुए। जो मुख्य रूप से खेतीवाड़ी से संबंधित थे। इन शिकायतों को आगे की कार्रवाई के लिए लेखपालों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *