नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने ससुरालीजनो पर जहर देने का लगाया आरोप

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में नवविवाहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काजल की शादी को केवल छह महीने हुए थे। उसकी ससुराल लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में है, जहां पिछले तीन दिनों से उसकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। बुधवार सुबह काजल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, काजल (24) वर्ष पत्नी आशीष मिश्रा के मायके वालों को फोन पर सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है। मायके पक्ष का आरोप है कि काजल को उसके जेठ, जेठानी, पति और ससुर ने मिलकर चूहा मारने की दवा खिलाई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।

बताया गया कि काजल की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों को जानकारी हुई, जिसके बाद पड़ोसियों ने ही मायके पक्ष को सूचित किया। परिजन लखनऊ पहुंचे और काजल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ सुधार हुआ, लेकिन डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन काजल को जिला अस्पताल उन्नाव लेकर आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बीती रात में उसकी हालत फिर गंभीर हो गई। इसके बाद उसे उन्नाव मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज के लिए लगातार काजल को प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया था और काजल पिछले छह महीनों से मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी, उसने कभी खुलकर शिकायत नहीं की। परिजनों ने जेठ, जेठानी, पति और ससुर पर काजल को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *