सभी ब्लाकों में काली पट्टी बांधकर किया कार्य
फर्रुखाबाद/कायमगंज, समृद्धि न्यूज। विकासखंड कायमगंज/बढ़पुर में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा और शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह धरना देकर काली पट्टी बांधकर कार्य किया।
प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर सचिवों ने परिसर में एकत्र होकर काली पट्टी बांधकर वर्तमान व्यवस्था के विरोध में नारे लगाए और अपना रोष दर्ज कराया। सचिवों ने बताया कि सचिव के कार्य की प्रकृति पूर्णत: क्षेत्र/फील्ड आधारित है। ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति जैसी कार्यालय आधारित प्रणाली हमारे कार्य प्रकृति के अनुकूल एवं अनुरूप नहीं है। एक सचिव के पास सामान्यत: 04-05 से 08-09 ग्राम पंचायतों तक का प्रभार होता है, बहुद्देशीय कार्य प्रकृति एवं क्षेत्रीय भौगोलिक कारणों से किसी एक निश्चित स्थान एवं समय पर ऑनलाइन उपस्थिति अंकित करना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव ग्राम पंचायत के अतिरिक्त राजस्व विभाग के लेखपाल, शिक्षा विभाग के अध्यापक, कृषि विभाग के तकनीकी सहायक/किसान सहायक, गन्ना विभाग के गन्ना पर्यवेक्षक, पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी भी कार्यरत हैं, जिनका कार्यक्षेत्र तथा योजनाएं सचिव ग्राम पंचायत की अपेक्षा सीमित हैं। ग्राम पंचायत स्तरीय सभी कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति अंकित करने की समान व्यवस्था होनी चाहिए। ग्राम पंचायत सचिव को अधिकांशत: अवकाश के दिनों में, राष्ट्रीय पर्वों, धार्मिक/जनहित के कार्यों में, दैवीय आपदाओं में एवं शासन-प्रशासन के आकस्मिक निरीक्षण, चौपालों, रात्रि के कार्यक्रमों में असमय जूम मीटिंग के माध्यम से जुडऩे की बाध्यता होती है।
अत: ऐसी असजह आकस्मिक स्थिति-परिस्थिति में ससमय ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली निष्प्रभावी होगी। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सत्यापन, ऑपरेशन कायाकल्प, बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, गौशाला प्रबंधन, पराली प्रबंधन, सोलर पैनल लक्ष्य जैसे गैर विभागीय कार्यों का अत्यधिक दबाव बन रहा है, जिससे वे अपने मूल दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। ग्राम पंचायत सचिवों ने कहा कि समस्याओं पर शासन द्वारा कोई सकारात्मक पहल न किए जाने के कारण प्रदेश स्तरीय निर्णय के अनुरूप 01 दिसंबर से 15 दिसंबर तक क्रमिक शांतिपूर्ण सत्याग्रह जारी रहेगा। सचिवों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। सचिवों ने कहा कि यह संघर्ष संविधानिक अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की रक्षा के लिए है और इसे पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। विकास खण्ड कायमगंज में धरना देकर के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष सचिव शशिदेव सिंह, आनन्द गंगवार, रनवीर सिंह, रेनू शाक्य, रंजीत सिंह, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, विवेक कुमार, विवेक बाबू मिश्रा, विजय शंकर, रवेन्द्र सिंह, शुभम तिवारी आदि ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया। विकास खण्ड बढ़पुर में भी ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी को सौंपा। धरना के दौरान ग्राम पंचायत सचिव आलोक त्रिवेदी, ओमशिव पाण्डेय, अशोक कुमार, देवांश सुमन, नृपेन्द्र कुमार शर्मा, प्रभात यादव, अमन कुमार, नीरू दीक्षित, श्वेता, कंचन, ऋषि पाल आदि ने काली पट्टी बांधकर धरना प्रदर्शन किया।
ग्राम पंचायत सचिवों का विरोध प्रदर्शन जारी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
