नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। मां कभी कुमाता नहीं हो सकती, वह अपनी जान पर खेलकर अपने बच्चों की रक्षा करती है। इसका उदाहरण नवाबगंज में देखने को मिला, जहां एक कुतिया अपने बच्चों की जान बचाने के लिए कोबरा सांप से भिड़ गयी। इस द्वंद में कोबरा सांप को अपनी जान गंवानी पड़ी।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कस्बा नवाबगंज स्थित मंझना रोड पर बने नंदलाल मैरिज लॉन में बने कमरे के नीचे चबूतरे की स्लिप में एक गुफा बन गई। जिसको महफूज जगह मानकर एक कुतिया ने अपने बच्चों को दो तीन दिन पूर्व जन्म दिया। गुरुवार को दोपहर एक कोबरा सांप उस गुफा में घुस गया और कुतिया के बच्चों पर हमला बोलने वाला ही था, तभी कुतिया की नजर उस पर पड़ गयी। फिर क्या था कुतिया बगैर एक पल गंवाये उस जहरीले कोबरा सांप से भिड़ गयी और उसे अपने मुंह में दबाकर उसे तब तक पटका जब तक उसके प्राण नहीं निकल गये। इस नजारे को वहां मौजूद कई लोगों ने अपनी आंखों से देखा। इस दृश्य को देखकर लोगों को कहते सुना गया कि बच्चों में मां के प्रति भले ही ममता न हो, लेकिन मां अपनी जान पर खेलकर बच्चों की रक्षा करती है। इस मौके पर गेस्ट हाउस के मलिक दुष्यंत कश्यप, संजीव कश्यप, अजीत कुमार, नीलेश गंगवार, अरविंद राठौड़, गुड्डू सक्सेना, बांदा प्रसाद सहित आसपास के तमाम दुकानदार एकत्र हो गए। बाद में लोगों ने मृत कोबरा सांप को गुफा से निकालकर बाहर फेंक दिया।
अपनी जान पर खेलकर कुतिया ने कोबरा से बच्चों को बचाया
