समृद्धि न्यूज। चक्रवाती तूफान मोंथा ने पिछले दिनों भारी तबाही मचाई। जिसके बाद तमिलनाडु, ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार में जमकर बारिश हुई। इसी बीच मौसम विभाग ने एक और चक्रवात की चेतावनी दी है। इसके प्रभाव से बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो नवंबर को सुबह 8:30 बजे बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे म्यांमार तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनना शुरू हुआ। अधिकारी ने कहा, इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 48 घंटों के दौरान इसके उत्तर और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में म्यांमार-बांग्लादेश तटों के पास बढऩे का अनुमान है। विभाग ने उत्तरी अंडमान सागर में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तूफानी मौसम की चेतावनी दी है। मौसम प्रणाली के 4 नवंबर के बाद तेज होने का अनुमान है और समुद्र की स्थिति अशांत बनी रहेगी।
