दूसरे विद्यालय में छात्रा का कराया यू डाइस पंजीकरण
पीडि़ता पिता ने जिलाधिकारी से लगायी न्याय की गुहार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र के एक विद्यालय में पढऩे वाली कक्षा 7 की छात्रा का खंड शिक्षा कार्यालय के कर्मचारियों ने दूसरे विद्यालय में यू डाइस पंजीकरण कर दिया। जानकारी होने पर पिता ने जिला अधिकारी को पत्र देकर कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कस्बा नवाबगंज मैन चौराहा निवासी विजय प्रताप पुत्र योगेंद्र सिंह राठौड ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में दर्शाया कि उन्होंने अपनी पुत्री आराध्य की पढ़ाई करने हेतु कस्बे के ही बीआरएम इंटर कॉलेज में एडमिशन करवाया था। जिसके चलते छात्र आराध्य कक्षा 7 तक उसमें पढ़ती रही। वहीं छात्रा के पिता ने अपनी पुत्री आराध्या का एडमिशन कस्बा नवाबगंज के ही एसआरएस ग्लोबल विद्यालय में कराया और तभी से पूर्व विद्यालय से टीसी की मांग करने लगा, लेकिन वहां का स्टाफ आजकल करके हीलाहवाली करता रहा और छात्रा का ट्रांसफर सर्टिफिकेट नहीं दिया। तब पीडि़त छात्रा के भविष्य को देखते हुए अपनी पुत्री का एडमिशन पंजीकरण गायत्री इंटरनेशनल स्कूल आवाजपुर में करवाया और पुन: टीसी की मांग कर आवेदन विद्यालय में किया, लेकिन विद्यालय द्वारा टीसी उपलब्ध नहीं कराई गई। तब जाकर पता चला की छात्रा का यू डाइस पंजीकरण रामदास जूनियर हाई स्कूल में किया गया है। यह जानकारी होने पर पीडि़त पिता के होश उड़ गए और इसके लिए खंड शिक्षा कार्यालय पर खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया कि आपके बच्चे का यू डाइस ड्रॉप में पड़ा था, तो हमारे बाबू ने कस्बे के ही रामदास जूनियर हाई स्कूल में दाखिला कर दिया था। तब पीडि़त ने इस विद्यालय की जानकारी की, तो कोई अता पता नहीं चला। तब पीडि़त ने शुक्रवार को जिला अधिकारी की चौखट पर पहुंचा और खंड शिक्षा कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह राणा ने बताया की पहले अधिकारियों के दबाव में कुछ पंजीकरण इधर-उधर किए गए थे। जिनको अब सुधार कर दिया जाएगा और जिस विद्यालय में नाम लिखा था उसी में पंजीकरण कर दिया जाएगा। वहीं पीडि़त विजय प्रताप ने जिला अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में खंड शिक्षा कार्यालय के अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी बच्चों के भविष्य से कर रहे खिलवाड़
