मुंबई: बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्या का एनकाउंटर

समृद्धि न्यूज। मुंबई के रॉ स्टूडियो में 17 बच्चे सहित 19 लोगों को बंधक बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई झड़प में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। मुंबई के पवई स्थित रॉ स्टूडियो में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्य की पुलिस की गोली लगने से अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बाथरूम के रास्ते अंदर घुस कर सभी बंधकों को सुरक्षित निकाल लिया था। आरोपी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, पवई स्थित रॉ स्टूडियो में पिछले 10 दिनों से एक वेब सीरीज के ऑडिशन चल रहा था। इस ऑडिशन के लिए बच्चों को बुलाया गया था, यह ऑडिशन प्रक्रिया 10 दिनों से चल रही थी, बच्चे सुबह 10 बजे ऑडिशन के लिए जाते थे, फिर रात 8 बजे बच्चे स्टूडियो से निकल जाते थे। उससे पहले, बच्चों को दोपहर में लंच के लिए ब्रेक दिया जाता था, हालांकि, आज बच्चे लंच के लिए बाहर नहीं आए। उसके बाद, जानकारी सामने आई कि बच्चों को बंधक बना लिया गया है। जैसे ही यह पता चला कि बच्चों को बंधक बना लिया गया है, हर जगह हंगामा मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी स्टूडियो पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। रोहित आर्या के पास एक एयर गन थी। इसके साथ ही उसके पास कुछ केमिकल भी थे, बच्चों को हिरासत में लेने के बाद उसने एक वीडियो भेजा था। इस वीडियो में वह कहता दिख रहा है कि वह कुछ सवाल पूछना चाहता है, हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वह किस विषय पर बात करना चाहता था, रोहित आर्या ने बच्चों को जलाकर मार डालने की धमकी दी थी।
जब पुलिस बाथरूम के रास्ते अंदर दाखिल हुई थी, तब आरोपी के हाथ में एक एयर गन थी और कुछ केमिकल था। पुलिस ने सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लगी। गोली लगने के बाद उसे जोगेश्वरी ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चों को सुरक्षित बचाए जाने के बाद डीसीपी दत्ता किशन नलावडे ने जानकारी देते हुए बताया था कि दोपहर लगभग 1:45 बजे पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीम मौके पर पहुंचीं और स्टूडियो के अंदर फंसे बच्चों को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *