घायल युवती समेत दो का हायर सेंटर में चल रहा है उपचार
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जमीनी रंजिश को लेकर एक की गोली मारकर हत्या करने तथा दो को घायल करने के मामले में पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार वादी उमेश चन्द्र पुत्र मुनीम सिंह निवासी ग्राम रामनगर पुठरी ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में कहा कि उसका खेत गांव के ही ओमकार सिंह पुत्र तेजराम के पास स्थित है। जिस पर ओमकार सिंह व उसके सभी पुत्र व नाती उस पर नाजायज कब्जा करना चाह रहे हैं। जिसका वादी व उसके पिता मुनीम सिंह हमेशा विरोध करते हंै। जिसके चलते ओमकार सिंह व उसके पुत्र व नाती वादी के परिवार को कई बार जानमाल की धमकी भी दे चुके थे। इसी रंजिश के कारण बीते दिन शनिवार समय लगभग 3:00 बजे ओमकार सिंह अपने पुत्र सतनाम सिंह, सत्यवीर उर्फ शेर सिंह, अनार सिंह पुत्रगण ओमकार सिंह व नाती अमर सिंह उर्फ सोनू पुत्र सतनाम सिंह एक राय होकर लाइसेंसी व नाजायज असलाहों के साथ पीडि़त के घर पर चढक़र आये और गाली-गलौज करते हुये अपने हाथ में लिये जायज व नाजायज असलहों से फायरिंग करने लगे। इस घटना की सूचना नवाबगंज थाना पुलिस को दी गयी। इसी बीच आसपास व परिवार वालों के विरोध करने पर ओमकार सिंह जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गया। इसी दौरान थाना नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल को शांत कराया। पुलिस के जाने के बाद लगभग 5:30 बजे सायं ओमकार सिंह के तीनों लडक़े व नाती पुन: वादी के घर में घुसकर एक राय होकर जान से मारने की धमकी देते हुये फायर करने लगे। इसी बीच सतनाम सिंह पुत्र ओमकार ने एक गोली वादी के पुत्र आकाश कुमार पुत्र उमेश चन्द्र को मारी व दूसरी गोली अनार सिंह पुत्र ओमकार सिंह ने वादी की पुत्री पलक पुत्री उमेश चन्द्र को मारी व तीसरी गोली अनार सिंह के कहने पर सत्यवीर सिह उर्फ शेर सिंह पुत्र ओमकार सिंह व अमर सिंह उर्फ सोनू ने महावीर सिंह पुत्र राम प्रकाश के घर जाकर मारी। इस घटना के चश्मदीद गवाह मुनीम सिंह पुत्र परमेश्वरी दयाल, उमेश चन्द्र पुत्र मुनीम सिंह, राम प्रकाश पुत्र रुस्तम सिंह व धर्मवीर पुत्र राम प्रकाश व वादी के घर की अन्य महिलाये हैं। वादी व वादी का परिवार सभी घायलों को लेकर लोहिया अस्पताल लेकर आया। जहां डाक्टरों की टीम ने आकाश कुमार पुत्र उमेश चन्द्र को मृत घोषित कर दिया व दों अन्य घायलों पलक पुत्री उमेश चन्द्र व महावीर पुत्र राम प्रकाश को सैफई रेफर कर दिया। जहां इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ओमकार सिंह, सतनाम सिंह, सत्यवीर उर्फ शेर सिंह, अनार सिंह व अमर सिंह उर्फ सोनू के विरुद्ध 103(1), 109(1), 333, 352, 351(2), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल
पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान सत्यवीर उर्फ शेर सिंह, अनार सिंह व सतनाम सिंह पुत्र ओमकार को ग्राम हरदुआ चौराहा थाना नवाबगंज से समय करीब 2:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। जिसमें पुलिस मुठभेड़ में घायल शेर सिंह उर्फ सत्यवीर को डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा अन्य अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद गांव में पसरा सन्नाटा
बीती रात घटी घटना के बाद पुलिस ने अभियुक्तगणों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। गांव में घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं आरोपियों के घर के बाहर पीएसी तैनात कर दी गयी है। वहीं पीडि़त के घर में मायूसी का आलम देखा जा रहा है। पीडि़त परिवार के वृद्ध मुनीम सिंह घर के बाहर बैठे दिखायी दिये।वहीं अभियुक्तगणों की गिरफ्तार पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि यदि पुलिस कल ही सक्रिय हो जाती, तो यह घटना नहीं घटती। फिलहाल दो घायलों का उपचार सैफई में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार को भी हिरासत में लिया है। जो थाने में खड़ी है।