राजकीय कृषि रक्षा इकाई पर लटके ताले, बीज के लिए भटक रहा अन्नदाता

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शमसाबाद विकास खंड के फैजबाग स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार शुक्रवार सुबह 1 बजे तक बंद मिला। गेहूं और अन्य फसलों के बीज खरीदने आए किसान घंटों बाहर इंतजार करते रहे। जिससे परेशान होकर उन्होंने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
किसानों ने बताया कि उन्होंने भंडार के कर्मचारी धर्मेंद्र को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। दूरदराज के क्षेत्रों से आए किसानों को बीज न मिलने के कारण भारी असुविधा हुई। किसानों ने बंद पड़ी कृषि रक्षा इकाई की स्थिति की शिकायत जिलाधिकारी को फोन पर दी। जिलाधिकारी कार्यालय से उन्हें जिला कृषि अधिकारी से बात करने को कहा गया। किसानों ने जिला कृषि अधिकारी से भी फोन पर संपर्क किया, लेकिन शिकायत के बावजूद भंडार प्रभारी धर्मेंद्र मौके पर नहीं पहुंचे। इसी बीचए सुबह 11:50 बजे एडीओ पीपी महिपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी कृषि रक्षा इकाई न खुलने की जानकारी भंडार प्रभारी धर्मेंद्र को फोन पर दी। धर्मेंद्र ने बताया कि वह अभी बाहर हैं और 2 बजे के बाद इकाई पर आएंगे। रबी सीजन में बुवाई की तैयारी में जुटे किसानों को बीज मिलने में हो रही देरी का सीधा असर पड़ रहा है। जिससे उनकी दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि कृषि रक्षा इकाई के भंडार प्रभारी धर्मेंद्र की लापरवाही पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *