2025 की बोर्ड परीक्षा के बचे प्रश्न पत्रों से कराई जायेगी इंटर एवं हाईस्कूल की प्री-बोर्ड परीक्षा

परीक्षा का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए तैयार करना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के लिए छात्र-छात्राओं की प्री-बोर्ड परीक्षा जनवरी माह में करायी जायेगी। यह परीक्षा माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2025 में आये प्रश्न पत्रों के डबल सेट में बचे हुए प्रश्न पत्रों के सेट से करायी जायेगी। परीक्षा जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।
शिक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्री-बोर्ड की परीक्षा हेतु प्रश्न पत्र राजकीय इंटर कालेज फतेहगढ़ से विद्यालयों में भेजे जायेंगे। इस हेतु जल्द ही तिथि की घोषणा की जायेगी। बोर्ड परीक्षा 2025 हेतु माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रश्न पत्रों के डबल सेट भेजे थे। परीक्षा में एक-एक सेट का प्रयोग हुआ। प्रश्न पत्रों का दूसरा बचा सेट जी.आई.सी. फतेहगढ़ में रखवा दिया गया था। शेष बचे डबल सेट के प्रश्न पत्रों का प्रयोग वर्ष 2026 की प्री-बोर्ड परीक्षा में किया जायेगा। विदित है कि विद्यालयों ेमें आयोजित होने वाली प्री-बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करना है। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जायसवाल ने सभी छात्र-छात्राओं से इंटर व हाईस्कूल की प्री-बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्री-बोर्ड परीक्षा के माध्यम से परीक्षार्थियों को फरवरी माह में होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए अपनी क्षमता का आंकलन करने में सहायता मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *