तीन मकानों के ताले तोड़ हजारों की नगदी, जेवरात व घरेलू सामान चोरी

सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद क्षेत्र में एक लंबे समय से अज्ञात चोरों का आतंक जारी है। अज्ञात चोर कहीं ना कहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर जहां एक ओर ग्रामीणों में दहशत का कारण बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनमानस भी बेहाल है। अफसोस पुलिस गश्त व्यवस्था होने के बावजूद भी अज्ञात चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसका उदाहरण भी शमशाबाद थाना क्षेत्र ग्राम सुल्तानपुर में देखने को मिला। यहां अज्ञात चोरों द्वारा एक ही रात में तीन घरों के ताले तोडक़र हजारों की नगदी, सोने चांदी के जेवरात तथा घरेलू समान चोरी कर फरार हो गये। बताया गया है यहीं के निवासी वेदराम शर्मा की पत्नी सत्यवती बीमार होने के कारण दवा लेने कायमगंज गई थी। पुत्र नीरज तथा अनुज बाहर हैं। घर में ताला लगा था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने दरवाजे के ताले तोडक़र कमरों में तोडफ़ोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब सुबह के वक्त ग्रामीण शौंचक्रिया के लिए बाहर निकले और जब महिला के घर के सामने से गुजरे तो दंग रह गए, क्योंकि दरवाजा खुला था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना महिला को दी गई। जिस पर महिला घर पहुंची और जब उसने घर के अंदर का नजारा देखा तो चीखने लगी। अज्ञात चोरों ने तोडफ़ोड़ कर 15 हजार रुपए की नगदी, दो जोड़ी मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाले, चांदी की पायलें तथा घरेलू सामान चुरा ले गए। इसी तरह अब्दुल रहीम की पत्नी ने जो कोतवाली क्षेत्र के गांव चिलसरी स्थित एक रिश्तेदारी में गई थी। घर में ताला लगा हुआ था। अज्ञात चोरों ने यहां भी दरवाजे के ताले तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताते हैं तीस हजार की नगदी जो भैंस बिक्री का पैसा रखा था के अलावा सोने की झुमकी, सोने की चूड़ी तथा घरेलू सामान चोरी कर लिया। बताते हैं तीसरी घटना महिला राम बेटी के घर घटी। बताते हैं राम बेटी के दो मकान है। वह पहले मकान में निवास करती, जबकि दूसरे मकान में जानवर बांधे जाते हैं। यहां भैंस बंधी हुई थी। भैंस के ब्याहने की आशंका पर महिला पुत्र चंद्रपाल के साथ दूसरे मकान में थी। पहले मकान में ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने ताले तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब गली मोहल्ले के लोग वहां से गुजरे और जब उन्होंने खुला दरवाजा तथा बिखरा सामान देखा, तो ग्रामीणों के महिला के घर सूचना दी। बताते हैं सूचना के बाद महिला मौके पर पहुंची और चीखने लगी। महिला के अनुसार अज्ञात चोरों द्वारा 30 हजार की नगदी, दो घी के डिब्बे, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी झुमकी, रजाई गद्दा के अलावा घरेलू सामान चुरा ले गए। घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल कर वापस लौट गई। ग्रामीणों की मानें तो अज्ञात चोरों के खिलाफ पीडि़तों द्वारा तहरीर दी गई है, जबकि पुलिस का कहना था तहरीर नहीं दी गई। लगातार चोरी की घटनाओं से आम जनमानस में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। लगातार चोरी की घटनाएं पुलिस की घटना व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *