फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सांसद मुकेश राजपूत ने लोकसभा के संसद सत्र में नियम ३७७ के अन्तर्गत मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी का विस्तार एवं हवाई अड्डा बनाने की मांग की। उन्होंने भारत सरकार के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मांग की जनपद फर्रुखाबाद की हवाई पट्टी मोहम्मदाबाद का विस्तार किया जाये। पीठासीन अधिकारी संध्या राय के समक्ष उन्होंने मांग रखी की फर्रुखाबाद में पूर्व में हवाई पट्टी बनी है, उसका विस्तार हो और प्रति दिन आने-जाने के लिए हवाई जहाज उतरे, जिससे जनपद के लोग अन्य राज्यों में जाकर अपना व्यापार एवं जनपद के विस्तार में सहयोग कर सके।
हवाई अड्डा के रुप में विकसित होने से जनपद का विकास तेजी से बढ़ेगा। मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी से ५ किलो मीटर दूरी पर खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र है। बहुराष्ट्रीय कम्पनियां अपना निवेश कर रही है। इसी हवाई पट्टी से ८ किलो मीटर की दूरी पर बाबा नीमकरोरी धाम है और १२ किलो मीटर की दूरी पर बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा है, जो अन्तर्राष्ट्रीय बौद्ध परिपत्र का एक हिस्सा है। इसके अलावा जनपद आलू व मक्का उत्पादन में विश्व स्तर पर एक हब के रुप में है और जनपद में कपड़ा, ब्लाक पेंटिंग, जरदोजी का विश्व प्रसिद्ध कार्य होता है। व्यापारी के केवल धार्मिक हब होने के कारण फर्रुखाबाद में देश-विदेश से व्यापारियों व श्रद्धालुओं का आवागमन होता रहता है। मंत्री से अनुरोध है कि हवाई पट्टी विकसित होने से हवाई अड्डा के रुप में व्यापार बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री द्वारा भी हवाई पट्टी विकसित करने के लिए पत्र भारत सरकार को भेजा जा चुका है।
