फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने सोमवार सायं पांचाल घाट स्थित मेला रामनगरिया के संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण मार्ग का लोकार्पण किया। इसी दौरान विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर सडक़ का उद्घाटन किया। पीडब्ल्यूडी के द्वारा पांचाल घाट पुल के निकट से मेला रामनगरिया स्थल तक 3 करोड़ 8 लाख रूपयों की लागत से 1350 मीटर लंबी सडक़ का निर्माण किया है।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं मेला सचिव दिनेश कुमार एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अभी तक मेला रामनगरिया जाने वाला मार्ग काफी सकरा था। जिसके कारण अक्सर जाम लगा रहता था। काफी ढलान होने के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा था। सडक़ के चौड़ीकरण हो जाने से जाम की समस्या खत्म हो गई है। सडक़ के किनारे सुंदरीकरण व निर्माण कार्य कराया गया है। बताते चलें कि अभी तक मेला आने जाने वाले भक्तों व श्रद्धालुओं तथा कल्पवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोग जाम में घंटों फंसे रहते थे, लेकिन सडक़ बन जाने से अब कल्पवासियों व श्रद्धालुओं को आसानी हो जायेगी।
सदर विधायक ने किया सडक़ का लोकार्पण
