रात में लघुशंका को उठे शिक्षक जीने में गिरे, उपचार के दौरान मौत

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत के मोहल्ला अलेपुर के निवासी प्राथमिक विद्यालय ललौर के प्रधानाध्यापक रमेश चंद की दुखद मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार 28 अक्टूबर की शाम शिक्षक रमेश चंद घर में लघुशंका के लिए उठे थे। उसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह जीने की सीढिय़ों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत फर्रुखाबाद के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक स्थिति देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली पहुंचने पर डॉक्टरों ने उपचार से इनकार कर दिया। मजबूरी में परिजन उन्हें वापस घर ले आए। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद रमेश चंद की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी लक्ष्मी और पुत्र गोविंद का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन बेटियां हैं। जिनकी शादी हो चुकी है। वह तीन भाई थे। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। क्षेत्र के तमाम विद्यालयों के शिक्षक मृतक के घर पर पहुंचे और मृत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर दुख व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *