लापरवाही में एक प्रसूता की चली गयी जान, पैसे न देने पर किया रेफर
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र नवाबगंज में प्रसव के नाम पर जमकर धन उगाही हो रही है। पीडि़तों का कहना है कि 1000 से 5000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। वहीं सब कुछ जानकर भी प्रभारी चिकित्साधीक्षक अंजान बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर भले ही करोड़ों रुपए खर्च कर रही हो, लेकिन नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आलम यह है कि यहां होने वाली डिलीवरी बगैर पैसे के नहीं हो रही है। बीते दिन सीएचसी में भर्ती हुई भोपाल सिंह की पत्नी यशोदा देवी निवासी नगला धोबियान जिसके आज सुबह 9.55 पर पुत्री पैदा हुई। स्टाफ नर्स द्वारा भोपाल सिंह से खुशी के नाम पर 1100 मांगे गए। गरीब भोपाल सिंह पर जेब में मात्र 800 रुपये ही निकले। जो उसने नर्स को थमा दिये। पूरे पैसे न होने पर नर्स ने फेंक दिये और मरीज को ले जाने के लिए कहने लगी। भोपाल सिंह मरीज को ना ले जाने की बात कहकर अड़ गया और दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं होने लगी। अन्य मरीजों ने दोनों पक्षों को अलग किया। दूसरी घटना में शनिवार को सुबह संध्या पत्नी संजीव यादव निवासी नगला दुली प्रसव हेतु नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई गई। जहां स्टाफ नर्स द्वारा मरीज को रेफर कर दिया गया। मरीज डॉक्टर राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने सामान्य बच्चा की डिलीवरी करा दी। संजीव ने बताया स्टाफ नर्स द्वारा मरीज को देखने के बाद सही से बात न करने और मरीज को तत्काल रेफर कर दिया।
तीसरी घटना में बीते दिवस ग्राम कक्यिोली निवासी संजीव श्रीवास्तव की पत्नी ललिता श्रीवास्तव (24) को उसका पति नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां उससे 5000 रुपये मांगे गये।इलाज के अभाव में स्टाफ नर्स व उनके स्टाफ द्वारा इलाज में लापरवाही बरतने के बाद उसे रेफर लेटर बना दिया और उसकी अस्पताल के अंदर ही मौत हो गई। स्ट्रेचर से उसे अस्पताल कक्ष से बाहर कर रिक्शा पर लदवाकर पड़ोस के सुनीता हॉस्पिटल भेज दिया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पेट में दो जुड़वा बच्चे थे। महिला की मौत के साथ-साथ दो और मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्राम प्रधान श्रीराम पाल ने बताया कि महिला का पति काफी गरीब है और वह अस्पताल में इलाज हेतु गया था। वहां पैसे की मांग की गई थी। इलाज के अभाव में महिला की मौत हो गई है।
