अब क्षैतिज नहीं लंबवत आकार में परीक्षा में उपलब्ध होंगी कॉपियां
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यू.पी. बोर्ड की वर्ष 2026 का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रयोग होने वाली उत्तर पुस्तिकाओं पर दो कबर पेज होंगे। पहला कवर पेज छात्र-छात्राओं के विवरण पर आधारित होगा, जबकि दूसरा कवर पेज मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों द्वारा अंक दर्ज करने के लिए इस्तेमाल किया जायेगा। इतना ही नहीं, यू.पी. बोर्ड ने वर्ष 2026 की परीक्षा में कॉपियों का आकार भी बदलने का निर्णय लिया है। शैक्षिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब जिस आकार की कॉपी में विद्यार्थी वर्ष भर लिखते हैं उसी आकार में उत्तर पुस्तिका वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में छात्र-छात्राओं को मिलेगी। यानि उत्तर पुस्तिका क्षैतिज आकार में न होकर लंबवत आकार में रहेगी। नकल विहीन परीक्षा के साथ निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए यू.पी. बोर्ड ने वर्ष २०२५ की परीक्षा में कई बड़े बदलाव किये थे। अब 2026 की बोर्ड परीक्षा में भी दो महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। अभी तक उत्तर पुस्तिका पर एक ही कवर पेज रहता था, जिस पर परीक्षार्थी अपना विवरण अंकित करते थे। इसके अलावा परीक्षार्थी को मिले अंक भी उसी एक मात्र कवर पेज पर ही चढ़ाये जाते थे, परन्तु वर्ष 2026 की परीक्षा में अंक दर्ज करने हेतु परीक्षक दूसरे कवर पेज का इस्तेमाल करेंगे। अंक अलग पेज पर अंकित होने से यू.पी. बोर्ड भविष्य में शासन की अनुमति से ऑनलाइन मूल्यांकन को लेकर निर्णय कर सकता है।
उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संतोष दुबे एवं पूर्व जिला संयुक्त सचिव सतेंद्र सिंह ने उत्तर पुस्तिका में बदलाव के बोर्ड के निर्णय की सराहना की है। शिक्षक नेताओं ने कहा कि इस नई व्यवस्था से पुरानी उत्तर पुस्तिका बाहर से लिखवाकर जमा करने के नकल माफियाओं के मंसूबों पर पानी फिर जायेगा।
दो कवर पेज वाली उत्तर पुस्तिकाओं का वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में इस्तेमाल करेगी माध्यमिक शिक्षा परिषद
