मृतक आरक्षी को पुलिस लाइन में दी गयी सलामी, सीओ ने दिया कंधा

बीती सुबह डियूटी से लौटते समय ट्रैक्टर की टक्कर से हो गयी थी मौत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सडक़ हादसे में आरक्षी की असमय मृत्यु पर फतेहगढ़ पुलिस लाइन में सलामी दी गयी। इस दौरान दो मिनट का मौन धारण कर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गयी। वहीं इस घटना के बाद मृतक की पत्नी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार जनपद इटावा के उसाहार थाना अंतर्गत नगला धकऊ गांव के रहने वाले अजय कुमार पुत्र तिलक सिंह हरदोई के सीमावर्ती हरपालपुर थाने में तैनात थे। बुधवार को नाइट ड्यूटी करने के बाद सुबह करीब ५ बजे स्प्लेंडर बाइक से अपने घर आ रहे थे। अजय थाने से करीब 30 किलोमीटर दूर आए थे, तभी इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र में आगे जा रहे एक भूसा लदी ओवरलोडेड ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने लगे, तभी ट्रैक्टर चालक ने अचानक कट मार दिया। जिससे अजय की उससे टक्कर हो गई। अजय का बैलेंस बिगड़ गया और वे बाइक समेत सडक़ पर गिर पड़े। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली का भी बैलेंस बिगड़ गया। ट्राली ट्रैक्टर से अलग होकर रोड पर पलट गई। इसी दौरान सिपाही का सिर ट्रॉली के पहिए के नीचे कुचल गया। ट्रॉली उनके सिर को कुचलते हुए करीब 8 फीट आगे तक चली गई। सूचना पर पुलिस पहुंची ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटनास्थल पर एक बैग में अजय के कपड़े मिले। जेब में आईडी कार्ड बरामद हुआ। जिससे सिपाही की पहचान हो सकी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर व ट्राली छोडक़र फरार हो गया। घटना के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गये। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सिपाही अजय कुमार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस लाइन ग्राउंड में सलामी दी गई। सीओ अमृतपुर संजय वर्मा और सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इसके बाद परिजन शव के साथ इटावा के लिए रवाना हो गए। वहीं पति को पुष्प अर्पित करने के दौरान पत्नी प्रियंका यादव फूट-फूटकर रो पड़ीं। उनकी शादी को अभी सिर्फ 2 साल ही हुए थे। बताते चलें कि आरक्षी अजय कुमार 2020 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह करीब दो वर्ष से हरपालपुर थाने में तैनात थे। वहीं राजेपुर थानाधय्क्ष सुदेश विश्वकर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *